जमुई:डीएम ने PMFME के खाद्य प्रसंस्करण इकाई का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Jamui  DM ने PMFME योजना के तहत स्थापित ‘बंका केयर’ खाद्य प्रसंस्करण इकाई का किया निरीक्षण, युवाओं से जिला पदाधिकारी की अपील— “सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं, नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें”।

जमुई: केंद्र प्रायोजित ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना’ (PMFME) के जमीनी क्रियान्वयन को परखने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, जमुई ने नगर के पुरानी बाजार स्थित ‘बंका केयर’ नामक प्रमुख खाद्य प्रसंस्करण इकाई का सघन निरीक्षण किया और वहां चल रहे उत्पादन कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुरानी बाजार स्थित प्लांट में बेसन, सत्तू, आटा और अन्य खाद्य अनाजों के वैज्ञानिक तरीके से हो रहे निर्माण, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक मशीनरी तथा पैकेजिंग व्यवस्था को बारीकी से देखा।जमुई के युवा व्यवसाई कुंज बिहारी बंका के इस उद्यमशील प्रयास की सराहना करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसे सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना से न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, बल्कि जमुई जिला खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। कुल 27 लाख रुपये की परियोजना लागत से स्थापित इस महत्वाकांक्षी इकाई को धरातल पर उतारने के लिए अग्रणी बैंक ‘बैंक ऑफ इंडिया’ द्वारा 17.60 लाख रुपये का वित्तीय सहयोग सुलभ कराया गया है, और साथ ही नियमानुसार उद्यमी को पूंजीगत सब्सिडी का लाभ भी हस्तांतरित किया गया है। आगे उन्होंने कहा कि आज जमुई के युवाओं को अपनी सोच का दायरा बढ़ाना होगा। उन्होंने युवाओं का प्रेरित करते हुए कहा कि हमारे जिले के युवाओं में अद्भुत क्षमता है, वे केवल नौकरी की तलाश में न भटकें बल्कि खुद का उद्योग लगाकर नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्थापित ‘बंका केयर’ जैसी इकाइयां इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि कैसे दृढ़ इच्छाशक्ति और सरकारी सहयोग के बल पर आत्मनिर्भरता के सपने को सच किया जा सकता है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित हो रहे हैं, बल्कि जमुई जिला खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में एक नए ‘मैन्युफैक्चरिंग हब’ के रूप में उभर रहा है।

इस निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को सख्त निर्देश दिए कि जिले में आत्मनिर्भर बनने की चाह रखने वाले युवाओं के आवेदनों की स्क्रूटनी, बैंक समन्वय तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को बेहद समयबद्ध और सुगम बनाया जाए ताकि उन्हें ससमय सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने उद्यमी को उत्पादों की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने, आकर्षक ब्रांडिंग करने और एक व्यापक मार्केटिंग नेटवर्क तैयार करने की मूल्यवान सलाह दी।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जमुई के युवाओं को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि जिला प्रशासन स्थानीय उद्यमियों और ऊर्जावान युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘बंका केयर’ जैसी सूक्ष्म प्रसंस्करण इकाई को ग्रामीण और शहरी युवाओं के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताया, जिससे सीख लेकर अन्य युवा भी सरकारी वित्तीय योजनाओं का सही लाभ उठाकर स्वयं का सफल व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं।

जमुई से प्रशांत किशोर 

ANE Live
Author: ANE Live

Leave a Comment