प्रशांत किशोर का बड़ा दावा पांच साल में भ्रष्टाचार और बढ़ेगा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमुई: जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने आज जमुई में आयोजित एक सभा में राज्य के अगले मुख्यमंत्री और बिहार के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जो भी अगला मुख्यमंत्री बनेगा, उसकी प्राथमिकता बिहार नहीं, बल्कि गुजरात होगी। मुख्यमंत्री गुजरात के हितों को साधने के लिए काम करेंगे। बिहार के लोगों के पास मजदूरी के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं होगा। गुजरात के लिए बिहार की ट्रेनों में भरकर बिहार के बच्चों को मात्र 10-12 हजार रुपए की दिहाड़ी के लिए ले जाया जाएगा। इतनी सस्ती मजदूरी केवल बिहार के मजदूरों से ही करवाई जा सकती है।

​किशोर ने आगे कहा, ‘बिहार में भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा, बल्कि आने वाले पांच वर्षों में यह और बढ़ेगा। इसके लिए जनता स्वयं जिम्मेदार है, क्योंकि उन्होंने भ्रष्ट नेताओं को सत्ता की चाबी सौंपी है।’ उन्होंने जनता से सवाल किया कि ‘क्या पीएम मोदी आपको अरबा या उसना चावल खिलाकर आपके बच्चों का भविष्य उज्ज्वल कर सकते हैं? आपके बच्चों को गुजरात में जाकर मजदूरी करनी होगी।’

प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा, ‘मैं कैमरे पर कह रहा हूँ, बिहार में न शिक्षा व्यवस्था सुधरेगी, न ही स्कूल, न रोजगार आएगा और न ही पलायन बंद होगा। जनता ने इसके लिए वोट नहीं दिया है।’

चुनाव के बाद जमुई पहली बार आए पीके ने अशोक चौधरी, सम्राट चौधरी, मंगल पाण्डेय को घेरा

​चुनाव के परिणामों के बाद जमुई में पार्टी कार्यक्रम में आए  मीडिया से मुखातिब हुए प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी, दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी और मंगल पाण्डेय को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि “अशोक चौधरी, दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी, मंगल पाण्डेय सब पर सारी बातें जनता के बीच में रखीं, लेकिन बिहार की जनता ने फिर से उन्हीं को लाख-लाख वोट दिया। अब बोयेंगे बबूल तो आम कहां से खाइयेगा?” किशोर ने सवाल किया कि “अगर भ्रष्ट नेताओं को वोट दिया है तो बिहार में भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा।”

निशांत कुमार के राजनीति में आने पर बोले पीके

​नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलों पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि “नीतीश कुमार पूरे जीवन कहते रहे कि हमने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, आज जब वे सत्ता छोड़ने की बात कर रहे हैं, तो अपने बेटे को सबसे आगे बैठाकर जा रहे हैं।”

रिपोर्ट : ए एन ई लाइव न्यूज डेस्क

ANE Live
Author: ANE Live

Leave a Comment

और पढ़ें