
जमुई / सिमुलतला आवासीय विद्यालय में जिला मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मैट्रिक परीक्षा के स्टेट टॉपर सहित जिला टॉपर छात्रों को जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी नवीन कुमार, जिलाशिक्षा पदाधिकारी तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव रंजन द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। सभी अतिथियों को पौधा और शॉल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में स्टेट टॉपर पुष्पांजली कुमारी, छठा रैंक प्राप्त करने वाले अभिवन कुमार, दसवां रैंक पाने वाली सुरभि सिंह सहित अन्य जिला टॉपरों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि मैट्रिक का परिणाम जीवन में केवल जन्म प्रमाण पत्र के रूप में काम आता है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन और नियमित पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है।

प्राचार्य डॉ. राजीव रंजन ने छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों का समग्र विकास किया जाता है।
स्टेट टॉपर पुष्पांजली कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों को दिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया गया।
रिपोर्ट:ए एन ई लाइव न्यूज डेस्क









